नई दिल्ली, 20 फरवरी 2025: दिल्ली के रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण समारोह के दौरान जैन आचार्य लोकेश जी ने नव नियुक्त मुख्यमंत्री माननीया रेखा गुप्ता को आशीर्वाद और शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने दिल्ली को विश्व स्तरीय राजधानी बनाने की दिशा में उनके नेतृत्व की सराहना की। इस ऐतिहासिक मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री, धर्मगुरु और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
दिल्ली के उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि संतों के आशीर्वाद से दिल्ली को नई ऊंचाइयों तक ले जाया जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से सभी धर्मगुरुओं से आशीर्वाद लेकर अपनी विनम्रता और समर्पण को दर्शाया।
आचार्य लोकेश जी ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में दिल्ली में विकास, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही यमुना स्वच्छ होगी, दिल्लीवासियों को प्राथमिक सुविधाएँ आसानी से उपलब्ध होंगी और राजधानी का कायाकल्प होगा।
इस अवसर पर विभिन्न धर्मों के प्रमुख संत भी मौजूद रहे, जिनमें स्वामी मंडलेश्वर बालकनाद गिरी, महामण्डलेश्वर श्री नवल किशोर दास जी महाराज, सुधांशु जी महाराज, महामंडलेश्वर श्री कृष्ण शाह विद्यार्थी, सिख धर्म से बाबा अमरीक सिंह, बौद्ध धर्म से राहुल बौद्धि और ईसाई धर्म से बिशप इवानियोस बिलीवर्स शामिल थे।
दिल्ली के राजनीतिक और धार्मिक जगत के इस महत्वपूर्ण आयोजन ने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा। अब देखना यह है कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपने कार्यकाल में दिल्ली को किस तरह एक नई दिशा देती हैं।