Anurag Kushwaha Success Story : “तू एक्टर बनेगा? पहले अपने घर में देख, बस का किराया है या नहीं!” यही बातें सुन-सुनकर बड़ा हुआ संगम विहार, दिल्ली का लड़का अनुराग कुशवाहा। लेकिन कहते हैं ना, जिसका सपना बड़ा होता है, उसकी मेहनत भी दमदार होती है। आज वही अनुराग, जिसने 9वीं क्लास में एक्टिंग का पहला कदम रखा था, Netflix और Big Bazaar जैसे बड़े ब्रांड्स के ऐड में नजर आ चुके हैं!
दिल्ली की गलियों से मुंबई की रौशनी तक
अनुराग का जन्म 23 मई 2001 को दिल्ली में हुआ। उनका ताल्लुक यूपी के करनैलगंज, गोंडा से है। पिता देव नारायण कुशवाहा दिल्ली में रेस्टोरेंट चलाते हैं। घर में एक्टिंग का कोई माहौल नहीं था, लेकिन अनुराग के सपनों में बॉलीवुड बस चुका था।
बचपन में जब स्कूल में पूछा जाता कि “बड़ा होकर क्या बनेगा?” तो वो हमेशा कहता “एक्टर!” और जवाब में उसे सिर्फ हंसी और ताने मिलते। लेकिन शाहरुख खान की ‘कुछ कुछ होता है’ देखकर दिल में जो आग लगी, वो बुझने का नाम ही नहीं ली।
पहला कदम – एक्टिंग की दुनिया में एंट्री
2017 में जब अनुराग 9वीं क्लास में थे, तब bary john की एक वर्कशॉप ज्वाइन की। यहीं से एक्टिंग की दुनिया में उनका इंट्रेस्ट और बढ़ा। आगे उन्होंने नोएडा फिल्म सिटी में स्थित AAFT से एक्टिंग सीखी और फिर सपनों की नगरी मुंबई रवाना हो गए।
मुंबई की हकीकत – जब जेब में पैसे नहीं थे!
मुंबई पहुंचते ही असली लड़ाई शुरू हुई। ऑडिशन पे ऑडिशन, रिजेक्शन पे रिजेक्शन। कई बार ऐसा भी हुआ जब जेब में पैसे नहीं थे, घर से मांगकर किसी तरह गुजारा किया। लॉकडाउन में हालात और खराब हो गए, लेकिन हिम्मत नहीं हारी।
पहला ब्रेक – सिर्फ 15,000 रुपये!
2021 में आखिरकार पहला ब्रेक मिला – TATA AIA के TVC ऐड में सिर्फ 15,000 रुपये मिले! लेकिन इससे पहले कितनी मुश्किलें झेलनी पड़ीं, इसका अंदाजा सिर्फ वही लगा सकता है जिसने मुंबई में स्ट्रगल किया हो।
कुछ लोगों ने ताने मारे, कहा – “तेरे बस की बात नहीं, घर चला जा!” लेकिन अनुराग ने ठान लिया कि हार नहीं मानेंगे। धीरे-धीरे Aditya Birla, Big Bazaar और Netflix के ऐड मिले। इसके बाद वेब सीरीज में भी काम मिलने लगा – ‘शिक्षा मंडल’ और ‘सेलिब्रेशन’ जैसी वेब सीरीज में नजर आए।
बॉलीवुड में क्या चाहिए? – पैसा और कनेक्शन!
अनुराग मानते हैं कि “मुंबई में दो चीजें सबसे जरूरी हैं – पैसा और कनेक्शन। अगर ये नहीं है, तो टैलेंट भी बेकार है!” लेकिन उनका कहना है कि “अगर हिम्मत और मेहनत में दम हो, तो रास्ते खुद-ब-खुद बन जाते हैं।”
अभी सफर बाकी है!
आज भी अनुराग बड़े ब्रेक की तलाश में हैं। एक छोटे से लड़के ने, जिसने स्कूल में टीचर से डांट खाई थी, अपने दम पर मुंबई में जगह बना ली। Netflix और बड़े ब्रांड्स के ऐड में नजर आने वाला यह लड़का आने वाले दिनों में बड़े पर्दे पर भी धमाका करेगा!
संगम विहार से निकले अनुराग की कहानी बताती है – अगर सपनों को जीने की हिम्मत हो, तो कोई भी मंजिल मुश्किल नहीं होती!